3200 करोड़ की राशि से स्कूलों में हुए निर्माण कार्य- शिक्षा राज्य मंत्रीजयपुर, 04 अप्रेल। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राजस्थान की शिक्षा का परचम अब पूरे देश में फहरा रहा है। नेशनल अचीवमेंट सर्वे में माध्यमिक शिक्षा में राजस्थान देश में पहले स्थान पर आ गया है। वहीं प्रारम्भिक शिक्षा में हम देशभर में दूसरे स्थान पर हैं। प्रदेश के स्कूलाें में चार साल में 3200 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य करवाए गए है।
शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को अजमेर शहर की राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रिश्चयनगंज में 16 लाख की लागत से नए कक्षा कक्षों के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। देवनानी ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में 3200 करोड़ की लागत से रमसा के तहत निर्माण कार्य करवाए गए है। शीघ्र ही नाबार्ड से प्राप्त 600 करोड़ की लागत से 2 हजार स्कूलों में निर्माण कार्य करवाए जाएंगे। अजमेर शहर में रमसा के तहत 10 करोड़ रूपए के निर्माण कार्य करवाए गए हैं। स्कूलों को भौतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए पूरी गम्भीरता से प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में पिछले चार सालों में शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। पहले राजस्थान देशभर में 21वें स्थान पर था अब समग्र रूप से देश में दूसरे स्थान पर आ गया है। माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में हम देश में पहले एवं प्रारम्भिक शिक्षा में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि हमने कक्षा 3,5 एवं 8 की परीक्षा पद्धति में बदलाव किए। सर्वे में 8वीं कक्षा की पढ़ाई में हम देश में पहले, 5वीं में दूसरे एवं 3 कक्षा की पढ़ाई में हम देश में तीसरे स्थान पर हैं। यह परिणाम और अधिक परिष्कृत होंगे। राजस्थान के विद्यार्थी को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रदेश के 27 हजार 900 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए जा रहे है। प्रदेश के एक लाख 60 हजार शिक्षकों को कम्प्यूटर की ट्रेनिंग दी जा चुकी है।
शिक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को देश के इतिहास, संस्कृति और समाज से परिचित कराने के लिए सभी स्कूलों में भारत दर्शन गलियारा तैयार किया जाएगा। इसमें फोटो गैलेरी के रूप में भारत के इतिहास और संस्कृति की शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि मन लगाकर पढ़ें और अपने समाज और देश को आगे बढ़ाएं।इस अवसर पर अध्यक्ष अरविंद यादव, राजेश शर्मा सहित विभाग के अधिकारी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित थे।
Post a Comment