नगर निगम कर्मचारियों ने बरसाई लाठियां,गाय पकड़ने गए थे निगमकर्मी
जयपुर। नगर निगम जयपुर के अधिकारी-कर्मचारी इन दिनों गुंडागर्दी पर उतर आए है। लोगों पर अभियान की आड़ में लाठियां बरसाई जा रही है। इसे देखकर प्रशासन में कोई कहने-सुनने वाला नहीं है। पिछले दिनों ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) घोषित करने के बाद खुले में शौच करने वाले लोगों पर लाठियां-डंडे बरसाने की घटनाएं सामने आई थी। अब शहर आवारा पशुओं से मुक्त करने के अभियान के नाम पर लोगों पर लाठियां भांजी जा रहीं हैं। ऐसा ही मामला गुरुवार अल सुबह बाइस गोदाम पर देखने को मिला। जहां अपनी एक पालतू गाय को पकडऩे से रोकने का प्रयास कर रहे एक बुजुर्ग पर निगम कर्मचारियों ने लाठियां बरसानी शुरू कर दी।
गाय पालने वाला ये बुजुर्ग गाय नहीं पकडऩे की निगम कर्मचारियों से गुहार करता रहा, लेकिन निगम कर्मचारी बुजुर्ग को धक्का मारकर गाय को पकडऩे में जुट गए। जब बुजुर्ग ने अपनी गाय को छुड़वाने का प्रयास किया निगम दस्ते में मौजूद कर्मचारियों ने बुजुर्ग पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया। इतना ही बुजुर्ग की बेरहमी से लात-घूसों से पिटाई भी की।
गौरतलब रहे कि यह पहला मामला नहीं है जब निगम कर्मचारियों ने इस तरह मारपीट की हो। इससे पहले भी मारपीट के कई मामले सामने आ चुके हैं। जनवरी माह में नाहरगढ़ रोड पर गाय पकडऩे गए निगम के दस्ते ने बुजुर्ग महिला के साथ धक्क्का-मुक्कीकी थी, जिस दौरान महिला गिर गई और उसके सिर पर चोट आई।  ईलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया बाद में परिजनों ने निगम प्रशासन के खिलाफ परिवाद भी दर्ज कराया।
लोगों ने किया पथराव
बुजुर्ग की बेरहमी से की पिटाई को देख स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होने निगम दस्ते पर पथराव कर दिया। इस बीच निगम के वाहनों के शीशे भी फूट गए। बात में मामला बढ़ता देख निगम का दस्ता मौके से भाग छूटा।