परनामी की हो सकती है छुट्टी,मंत्रिमंडल का भी हो सकता है विस्तार!
उपचुनाव में हार के बाद सरकार औऱ संगठन में बदलाव की आहट
जयपुर। उपचुनाव में भाजपा की तीनों सीटों पर हार को लेकर मंथन का दौर जारी है,वहीं भाजपा में अब बदलाव को लेकर भी पार्टी नेता बयानबाजी करने लगे हैं। ऐसे में सूत्रो के मुताबिक सरकार औऱ संगठन में जल्द ही बड़ा बदलाव होने की पूरी संभावना है। बताया जा रहा है कि मार्च या फिर अप्रैल में पहले संगठन में बदलाव होगा। जिसके तहत पूरे आसार है कि प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी की पद से छुट्टी होगी। परनामी को राज्यसभा फिर भेजने की अटकले हैं,परनामी की जगह केन्द्रीय राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल और मंत्री अरुण चतुर्वेदी को
प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि दौड़ में सांसद ओम बिड़ला,निहालचंद मेघवाल औऱ सतीश पूनिया के नाम भी शामिल है। यह भी तय है कि प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति में इस बार पूरी तरह केन्द्रीय नेतृत्व और संघ की राय की तवज्जो दी जाएगी। संगठन में फेरबदल होने के बाद मंत्रिमंडल का भी विस्तार होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आमजन का भरोसा जीतने के लिए भ्रष्टाचार के आरोप लगे मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सर्राफ,जलदाय मंत्री रही किरण माहेश्वरी,खान घोटाले के चलते राजकुमार रिणवां पर गाज गिर सकती है। वहीं अलवर से प्रत्याशी रहे जसवंत यादव के खुद के विधानसभा क्षेत्र बहरोड़ से हारने पर इस्तीफा देने का नैतिक दवाब बन गया है। अगर यादव को नहीं हटाते है तो फिर गलत संदेश जाएगा। वहीं अजमेर से हारने पर मंत्री अनिता भदेल की भी छुट्टी हो सकती है। साथ ही मंत्री वासुदेव देवनानी की कुर्सी पर भी संकट आ सकता है। लेकिन संघ खेमे के चलते हो सकता है देवनानी को जीवनदान मिल जाए।वहीं संसदीय सचिव शत्रुध्न और सुरेश रावत की भी पदों से छुट्टी हो सकती है। सुरेश रावत की जगह ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत को ऐसे में मौका मिल सकता है। इसके अलावा फिर जातिगत और सियासी समीकऱणों को साधते हुए कईं चेहरों को मौका मिल सकता है।